साय-रेड्डी की मुलाकात : तेलंगाना के बैराज के लिए छत्तीसगढ़ से मांगी NOC, 3600 करोड़ के बिजली बिल का मुद्दा भी उठा

बिगुल
छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच अंतरराज्यीय मुद्दों को लेकर एक अहम बैठक हुई। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान गोदावरी नदी पर निर्माणाधीन समक्का सागर बैराज के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) लेने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तेलंगाना पर छत्तीसगढ़ के बकाया करीब 3600 करोड़ रुपये के बिजली बिल का भुगतान करने का विषय भी उठाया।
रेवंत रेड्डी अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रायपुर पहुंचे थे। माना एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बैठक हुई। इसमें जल संसाधन, बैराज निर्माण, संभावित डूबान और बिजली भुगतान समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
समक्का सागर बैराज से छत्तीसगढ़ के दो गांवों पर डूबान का खतरा
बैठक में समक्का सागर बैराज के निर्माण और उसके संचालन से जुड़े संभावित प्रभावों पर विस्तार से बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैराज में पानी भरने की स्थिति में छत्तीसगढ़ के भोपालपट्टनम क्षेत्र के दो गांवों की जमीन डूबान से प्रभावित हो सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित होने वाले क्षेत्रों और संभावित नुकसान का आकलन किए जाने की जानकारी दी। वहीं, तेलंगाना सरकार ने प्रभावित जमीन के लिए मुआवजा देने पर सहमति जताई है।
इसके साथ ही दोनों राज्यों के बीच जल संसाधनों से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय जल आयोग (CWC) की अंतिम मंजूरी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। बैराज के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ की NOC महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
PM मोदी से भी मिल चुके हैं रेवंत रेड्डी
समक्का सागर बैराज की मंजूरी का मामला पहले भी केंद्र सरकार के सामने उठाया जा चुका है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
इस दौरान उन्होंने बैराज की लंबित मंजूरी और छत्तीसगढ़ सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। अब रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई बैठक को इसी दिशा में दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने की महत्वपूर्ण कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
तेलंगाना पर छत्तीसगढ़ का 3600 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया
बैठक में समक्का सागर बैराज के अलावा बिजली भुगतान का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तेलंगाना सरकार पर छत्तीसगढ़ का करीब 3600 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया होने का विषय उठाया।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ की ओर से बिजली आपूर्ति के एवज में यह राशि लंबे समय से लंबित है। हालांकि, बकाया भुगतान से जुड़ा मामला फिलहाल छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग में विचाराधीन है।
इस मुद्दे को बैठक में उठाए जाने के बाद दोनों राज्यों के बीच बिजली भुगतान को लेकर भी चर्चा महत्वपूर्ण हो गई है।
बैठक में दोनों राज्यों के कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी शामिल हुए।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैराज की मंजूरी और बकाया भुगतान पर टिकी नजरें
रेवंत रेड्डी और विष्णुदेव साय की इस मुलाकात में जहां समक्का सागर बैराज के संचालन के लिए NOC का रास्ता तलाशने की कोशिश हुई, वहीं छत्तीसगढ़ के 3600 करोड़ रुपये के बकाया बिजली भुगतान का मुद्दा भी सामने आया। अब देखना होगा कि दोनों राज्य इन मामलों पर किस तरह अंतिम सहमति बनाते हैं।



