Blog

GST रिश्वत कांड पर BJP का बयान, अमित चिमनानी बोले- ‘साय सरकार में भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं’

बिगुल
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त और अन्य लोगों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और पारदर्शी प्रशासन स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

GST मामले में रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी और बिचौलियों पर कार्रवाई
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि जगदलपुर में जीएसटी प्रकरण में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी के मामले में एसीबी की त्वरित कार्रवाई सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी नीति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर भ्रष्टाचार करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

चिमनानी के मुताबिक, भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो और किसी भी पद पर क्यों न बैठा हो, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
अमित चिमनानी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिलता था और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जाता था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में परिस्थितियां बदल चुकी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जांच एजेंसियां स्वतंत्रता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई कर रही हैं। इससे आम जनता का शासन और प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।

व्यापारियों और आम नागरिकों को भयमुक्त व्यवस्था देने का दावा
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों और व्यापारियों को भयमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने अथवा लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई विभिन्न कार्रवाइयां सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण हैं। सरकार भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button