Blog

हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर भड़का गजराज, ट्रैक्टर को पैरों तले रौंदा ,वन विभाग अलर्ट

बिगुल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों के झुंड को खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों के लिए भारी पड़ गई। जंगल में मौजूद हाथियों को ट्रैक्टर से भगाने पहुंचे ग्रामीणों का सामना एक गुस्साए हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला बोल दिया और उसे सूंड व पैरों से बुरी तरह कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के आक्रामक तेवर देखकर ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। किसी तरह लोगों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जंगल में डेरा जमाए बैठे हैं 11 हाथी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल की है। यहां पिछले कुछ समय से 11 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इसी दौरान कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को जंगल से खदेड़ने पहुंच गए। ग्रामीणों की इस हरकत से हाथी भड़क गया और उसने ट्रैक्टर को निशाना बना लिया।

गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को किया तहस-नहस
हाथी ने पहले ट्रैक्टर पर हमला किया और फिर उसे सूंड और पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने की सूचना नहीं है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील, हाथियों के पास न जाएं
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। विभाग ने अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में जाने से बचें और उन्हें भगाने या उनके करीब पहुंचने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button