Blog

एसबीआई में 93.60 लाख का गबन: गिरफ्तार पूर्व प्रबंधक से सच उगलवाने की कोशिश में जुटे ईओडब्ल्यू-एसीबी

बिगुल
कोरबा जिले के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाल्को शाखा में लगभग 93.60 लाख रुपये के गबन के मामले में दुमका से गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सच उगलवाने की कोशिश में जुटी है। आरोपी अधिकारी पर पद का दुरुपयोग कर बैंक के आंतरिक खातों से रकम अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में स्थानांतरित करने का गंभीर आरोप है। बिलासपुर से गई टीम ने आरोपी को उसके दुमका स्थित आवास से पकड़ा था। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

जांच के अनुसार आरोपी 1 जून, 2018 से 1 अगस्त, 2019 तक कोरबा स्थित बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक पद पर तैनात था। इस अवधि में शाखा के वित्तीय लेन-देन और सभी खातों के प्रबंधन की जिम्मेदारी उसी के पास थी। आरोपी ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 93,60,797 रुपये अलग-अलग खातों में भेज दिए। उसने बैंक के तीन प्रमुख आंतरिक खातों, जिनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं, से यह राशि निकाली थी। आरोपी ने इस रकम को अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और कुछ अन्य खाताधारकों के खातों में जमा कराया था।

जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज
मामले का खुलासा होने पर वर्ष 2020 में बैंक के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर स्थित मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच के बाद एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद जांच टीम ने बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर, डेबिट वाउचर और संबंधित खातों के विवरण जब्त किए। इन दस्तावेज से स्पष्ट हुआ कि आरोपी अधिकारी ने स्वयं ये वाउचर तैयार करके राशि स्थानांतरित की थी। साक्ष्य सामने आने के बाद मामले में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं जोड़ी गईं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button