ब्रेकिंग : चार नए चेहरे मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, एक मंत्री को रिप्लेस करने की तैयारी, जल्द होगा विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार

बिगुल
छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार हो सकता है। दो से तीन नये मंत्रियों के नाम फाइनल कर लिये गये हैं। केवल घोषणा होना बाकी है। इससे पूर्व भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नौ अप्रैल को बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठक लेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नौ अप्रैल को बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठक लेंगे। दोनों पदाधिकारी भाजपा और निगम-मंडल, आयोगों के पदाधिकारियों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष और उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने बताया कि शिवप्रकाश 9 अप्रैल को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसके बाद 10.30 से दोपहर 12.30 तक निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक भाजपा के सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 3 से 4.30 बजे तक नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे।
मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार संभव
चर्चा है कि इन मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार हो सकता है। नये मंत्रियों के नामों का ऐलान कभी भी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक तीन नए मंत्री तथा एक मंत्री को रिप्लेस करके नया चेहरा शामिल किया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, नाम फाइनल कर लिये गये हैं। केवल घोषणा होनी बाकी है।
कार्यकर्ता को चाहिए काम करने वाले मंत्री
लगभग डेढ़ साल की साय सरकार में मंत्रियों के कामकाज को लेकर कार्यकर्ता और नेता उतने खुश नही हैं. उनकी शिकायत है कि मंत्री बंगले में मिलते तक नही हैं और मिल जाते हैं तो काम नही हो पा रहा है. अफसर मंत्रियों की सुन नही रहे हैं क्योंकि पहली बार के चुने गए विधायक मंत्री बना दिए गए हैं. उन्हें नियम कायदों की भी जानकारी नही है. ऐसे में अब अनुभवी विधायकों को मंत्री बनाने की बात उठ रही है. विधायक राजेश मूणत को सभी कसौटियों पर खरा बताया जा रहा है, इसी तरह विधायक पुरंदर मिश्रा भी सीनियर हो चुके हैं. वे पहले भी क्रेडा के चेयरमैन रह चुके है, कृषक कल्याण परिशद मे भी काम कर चुके हैं, इसीलिए कार्यकर्ता उन्हें भी मंत्री पद पर देखना चाहते हैं. एक मंत्री को हटाकर उनकी जगह गजेंद्र यादव को शपथ दिलाई जा सकती है. हटाए जाने वाले मंत्रियों में लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी रजवाड़े में से कोई एक हो सकता है.
हरियाणा की तर्ज पर हो सकता है कैबिनेट का विस्तार
हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आ रहे हैं। जबकि नियम के तहत विधायकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं। नियम के मुताबिक, 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।