ब्रेकिंग : भाजपा व्यापारिक प्रकोष्ठ ने सीएम साय का जताया आभार, खुदरा और थोक दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता खत्म करना व्यापारियों को बड़ी राहत : नितिन अग्रवाल

बिगुल
प्रदेश भाजपा व्यापारिक प्रकोष्ठ के सह संयोजक श्री नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा खुदरा एवं थोक दुकानदारों के लिए ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता समाप्त किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के लाखों व्यापारियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसला बताया है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि इस निर्णय से व्यापारियों को अनावश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी, समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में व्यापार या व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने के लिए 43 प्रकार के व्यवसायों को नगरपालिका ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करने अथवा उसके नवीनीकरण की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय का लाभ खुदरा एवं थोक दुकान संचालकों, किराना व्यापारियों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं, बेकरी एवं मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट एवं भोजनालय संचालकों, मेडिकल स्टोर, अस्पतालों, कारखानों तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित अनेक व्यवसायों को मिलेगा। इससे व्यापारियों का समय बचेगा, अनुपालन का बोझ कम होगा तथा वे अपने व्यवसाय के विस्तार पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने वाले निर्णय ले रही है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ आज देश के अग्रणी प्रदर्शन करने वाले राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की नीतियों से सुशासन के साथ व्यापार, रोजगार और निवेश को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित स्वदेशी मेला स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बना है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य लॉजिस्टिक पॉलिसी-2025 के माध्यम से भंडारण क्षमता बढ़ेगी, उद्योगों, व्यापारियों एवं किसानों को किफायती भंडारण सुविधाएं मिलेंगी तथा लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी। इससे प्रदेश में व्यापार, निवेश और आर्थिक विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी। उद्योगोन्मुखी एवं निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए भी एक उभरते हुए आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित हो रहा है।
अंत में श्री नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार के ऐसे निर्णय प्रदेश के आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



