चंगाई सभा के आयोजन को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों ने मकान घेरा, धर्मांतरण का आरोप

बिगुल
रायपुर के भनपूरी इलाके में चंगाई सभा के आयोजन को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई. शहर के सेंधवा तलाब के पास महतारी चौक स्थित मकान में धार्मिक कार्यक्रम के लिए 25-30 लोगों के इकठ्ठा होने की सूचना थी. इस दौरान हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और मकान को घे लिया. इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
धर्मांतरण का आरोप
हिंदू संगठनों की ओर पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत दी गई और मकान में धर्मांतरण का आरोप लगाया. हिंदू संगठनों ने शिकायत पत्र सौपते हुए कार्यक्रम में शामिल लोगों की जांच की मांग की. दूसरी तरफ पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, सुषमा वर्मा और घनश्याम वर्मा के घर में लोगों के जुटने की सूचना मिली थी.
जांच में जुटी पुलिस
बताया गया कि यहां चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. संगठनों ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा की आड़ में लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था. पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और तथ्यों की जांच भी कर रही है.


