खूंखार नक्सली कमांडर जगदीश पुलिस नक्सल मुठभेड़ में ढेर!, जानें कितने लाख का था इनाम

बिगुल
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल मोर्चे पर पुलिस फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। केरलापाल इलाके में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में कुल 16 नक्सली मारे गए हैं। मारे गये सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिये गये हैं। सुकमा एसपी किरण चौहान ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों के डीवीसीएम कमांडर जगदीश के भी मारे जाने की खबर है। वहीं अन्य बड़े नक्सली लीडर के भी मारे जाने की खबर है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फोर्स के सर्चिंग से वापस आने के बाद ही मामला पूरी तरह से स्पष्ट होगा।
खूंखार नक्सली कमांडर जगदीश पर छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस समेत अन्य राज्यों की पुलिस ने 8 लाख रुपये से ज्यादा का इनाम घोषित कर रखा है। वह बस्तर, सुकमा , दंतेवाड़ा और बीजापुर में बीते छह-सात सालों से कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रह चुका है। वह पिछले कई वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय रहकर नक्सली वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह पिछले कई सालों से फोर्स के टारगेट पर था।
फोर्स ने लॉन्च किया था ‘ऑपरेशन जगदीश’
26 अप्रैल 2023 को नक्सल मुठभेड़ के एक दिन पहले भी मुखबिर से दंतेवाड़ा पुलिस को जगदीश और उसके टीम के अरनपुर इलाके में सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद डीआरजी और सीएएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन जगदीश’लॉन्च किया था। उस दौरान सुबह में जगदीश की टीम के साथ जवानों की मुठभेड़ भी हुई थी। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद जगदीश घने जंगल और पहाड़ियों की आड़ लेकर मौके से भाग निकला था। हालांकि जवानों ने घटनास्थल से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। इसमें एक नक्सली घायल था, उसके कोहनी और पैर में गोली लगी थी। पुलिस जगदीश को पकड़ने के लिये जिंदा या मुर्दा के टारगेट पर काम कर रही थी।