Blog

हॉस्पिटल में महिला सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पर दर्दनाक मौत, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

बिगुल
सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित संकल्प हॉस्पिटल में कार्यरत एक महिला सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतका अनीशा पिछले दो वर्षों से संकल्प हॉस्पिटल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। दो दिन पूर्व वह ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में लगे जनरेटर में डीजल भरने गई थी। इसी दौरान उसका दुपट्टा अचानक जनरेटर के बेल्ट में फंस गया। हादसा इतना भीषण था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला। वह गंभीर रूप से घायल हो गई और तुरंत उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी हालत नाजुक बनी रही और अंततः उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप
घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की। परिजनों ने प्रबंधन पर घटना के बाद भी संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन मामले को दबाने और उचित मुआवजा देने से बच रहा है। प्रबंधन के रवैये से नाराज होकर उन्होंने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन से यातायात बाधित हो गया और इलाके में तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठोस आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन पर अड़े रहे। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button