रायगढ़ में चाय वाला बना महापौर, जानें चाय की गुमटी से मेयर की कुर्सी तक का सफर

बिगुल
बीजेपी ने छत्तीसगढ़ की रायगढ़ नगर निगम सीट पर जीत हासिल कर ली है। यहां पर पहली बार एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना है। शहर में पहली बार चाय वाला एक आम आदमी शहर का प्रथम नागरिक बनने जा रहा है। जी हां चाय वाला रायगढ़ का मेयर बनेगा। बीजेपी के मेयर उम्मीदवार जीवर्धन सिंह चौहान ने रिकॉर्ड मतों से विजयश्री हासिल की है। वे पिछले 29 साल से बीजेपी कार्यकर्ता हैं। चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
जीवर्धन सिंह चौहान रायगढ़ शहर में चाय की दुकान चलाते हैं। नगरीरय निकाय चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश के मुखिया सीएम विष्णुदेव साय उनकी दुकान में गये थे। उन्होंने वहां पर अपने हाथों से चाय बनाई थी। उसके पहले छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी उनकी दुकान में चाय बनाई थी। मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें जीताने के लिये पूरी ताकत लगा दी थी। क्योंकि कहीं न कहीं उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई थी।
बीजेपी के महापौर प्रत्याशी जीवर्धन सिंह ने कांग्रेस की जानकी काटजू को हराया है। उन्होंने 33 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। रायगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार को 21946 वोट मिले हैं। यहां पर नोटा में 954 वोट मिले हैं। चौहान को बीजेपी ने मेयर उम्मीदवार बनाया था।