तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को कुचला, तीन की हालत गंभीर; यहां पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

बिगुल
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
यह हादसा धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हार चौक के पास हुआ। सुबह करीब 7 बजे कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मारी। बाइक सवार तीनों युवक ग्राम बिहामाटी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे सड़क पार कर चौक के पास स्थित होटल जा रहे थे। इसी दौरान यह दुखद घटना हुई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें धरमजयगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में कार चालक बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता दिख रहा है।
पिछले साल भी हुआ था हादसा
धरमजयगढ़ के चाल्हा मोड़ के पास पिछले साल नवंबर माह में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। उस समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में रामपुर निवासी ललिता मिंज, मैनपाट निवासी अमित किंडो और फकीरचंद पटेल शामिल थे। वे सभी अपने-अपने काम से जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई थी।



