छत्तीसघाट

पेड़ को चिरते हुए गिरी बिजली, एक की मौत, दूसरा गंभीर

बिगुल
छत्तीसगढ़ में मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के बाद राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं दुर्ग जिले में मौसम की यह पहली बड़ी आपदा एक परिवार पर कहर बनकर टूटी है. खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम मोहंदी के समीप आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया. ये बिजली जिस पेड़ पर गिरी वो पेड़ भी साइड से फट गया.

घटना दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया चौकी अंतर्गत की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय गजराज साहू के रूप में हुई है. मूसलाधार बारिश के दौरान गजराज अपने एक अन्य साथी संजय ठाकुर के साथ इसी मार्ग से गुजर रहा था. अचानक तेज बारिश शुरू होने पर दोनों युवक खुद को भीगने से बचाने के लिए सड़क किनारे स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए.
संजय ठाकुर को अस्पताल में कराया गया भर्ती

उसी दौरान आसमान से तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए. बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गजराज साहू की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके साथ मौजूद संजय ठाकुर गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृतक गजराज साहू के शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दूसरी ओर, गंभीर रूप से घायल संजय ठाकुर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. फिलहाल, अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button