अवैध कोयला परिवहन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, दो ट्रेलर जब्त

बिगुल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए खनिज विभाग ने रात्रि जांच अभियान चलाया। कोटमी अड़भार क्षेत्र में कोयले से भरे दो ट्रेलर पकड़े गए।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत रात्रि में कोटमी अड़भार क्षेत्र में कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम ने कोयले से भरे दो ट्रेलर वाहनों को रोका। इन वाहनों के क्रमांक MP19ZF 2103 और MP18ZF 2118 थे। चालकों से ई-ट्रांजिट पास प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने RPTP क्रमांक CGBLRPTP0134977/8 और CGBLRPTP0134977/7 प्रस्तुत किए। पूछताछ में चालकों ने बताया कि कोयला कुसमुंडा, कोरबा से लोड किया गया था। जबकि प्रस्तुत दस्तावेजों में लोडिंग स्थल मां तारा ट्रेडर्स, रतनपुर (बिलासपुर) अंकित पाया गया।
दस्तावेजों और वास्तविक जानकारी में अंतर पाए जाने पर मामला संदिग्ध हो गया। खनिज विभाग ने तत्काल दोनों ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की। अवैध कोयला परिवहन का प्रकरण खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1) एवं 21(5) के तहत दर्ज किया गया। जब्त वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर में खड़ा कराया गया। आदित्य मानकर सहित टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनिज गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



