Blog

कोरबा में खाद्य सुरक्षा अभियान, नमूनों की जांच, मिलावट पर नकेल कसी जाएगी

बिगुल
कोरबा जिले में आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार थीम के अंतर्गत जिले भर में सघन जांच अभियान जारी है।

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न गुपचुप सेंटर, गन्ना जूस सेंटर, डेयरी दुकान और राशन दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच के दौरान करतला क्षेत्र से चावल, नमक और शक्कर के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, जेलगांव स्थित केडिया ब्रदर्स से मिक्सचर का नमूना लिया गया। मेन रोड कोरबा स्थित श्री चन्द मार्केटिंग फर्म से धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा 100 बेड हॉस्पिटल की कैंटीन से भी चावल और दाल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी फर्मों को खाद्य सुरक्षा संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसमें लाइसेंस को प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से डिस्प्ले करना, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखना, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ का विक्रय न करना शामिल है। साथ ही नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराने और कर्मचारियों का मेडिकल जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। विभाग का उद्देश्य मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाना है।

नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकिंग, एक्सपायरी डेट और FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर जांचें। यह विशेष जांच अभियान 11 मई तक जिले भर में जारी रहेगा।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button