Blog

रायपुर में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से सनसनी, राजनीतिक रिश्तेदार का नाम आने से बढ़ी हलचल

बिगुल
राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने की सूचना मिली। मामला खमतराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-13 का है, जहां पुलिस ने एक बैग से लो एक्सप्लोसिव पदार्थ, वायर, कैमिकल, रिमोट सिस्टम और एयरगन जैसी सामग्री जब्त की है।

जानकारी के मुताबिक यह बैग विनय देवांगन नामक व्यक्ति द्वारा एक महिला के घर में रखा गया था। विनय का संबंध बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन और भाजपा पार्षद एवज देवांगन के परिवार से बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध सामान की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री मिली है, जिसे पटाखों में इस्तेमाल होने वाले बारूद जैसा बताया गया है। हालांकि वायर, कैमिकल और डेटोनेटरनुमा उपकरण मिलने से जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

पुलिस के अनुसार बैग से इलेक्ट्रॉनिक वायर, बैटरी, एयरगन और दो बोतलों में रासायनिक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों को जोड़कर रिमोट के जरिए विस्फोट की योजना बनाई जा सकती थी। हालांकि अभी तक पुलिस ने इसे बम नहीं बताया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि विनय देवांगन 16 अप्रैल से लापता बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार वह महासमुंद जिले के सांकरा में आयोजित एक शादी समारोह में गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा।

जिस महिला के घर बैग रखा गया था, उसने पुलिस को बताया कि विनय बुधवार रात घर आया था और बैग में कपड़े होने की बात कहकर उसे रखने का आग्रह किया था। बाद में बैग भारी लगने और शक होने पर वार्ड पार्षद को सूचना दी गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button