महंगाई का नया झटका: रायपुर में गैस सिलेंडर 1013 रुपये के पार, बढ़ा रसोई का खर्च

बिगुल
महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर में 14.2 किलोग्राम वाला गैस सिलेंडर अब करीब 1013 रुपये में मिलने लगा है।
महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर में 14.2 किलोग्राम वाला गैस सिलेंडर अब करीब 1013 रुपये में मिलने लगा है। नई दरें लागू होने के साथ ही उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक राशि चुकानी पड़ रही है।
इससे पहले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 984 रुपये थी। हालिया बढ़ोतरी के बाद रसोई का मासिक खर्च बढ़ने की आशंका है, खासकर उन परिवारों के लिए जो पहले से बढ़ती महंगाई का सामना कर रहे हैं। खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के बीच गैस सिलेंडर के दाम बढ़ना आम लोगों की चिंता का कारण बन गया है।
शहर के कई उपभोक्ताओं और गृहिणियों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि घरेलू खर्चों को नियंत्रित करना पहले ही चुनौती बना हुआ है, ऐसे में गैस की बढ़ी कीमतों से परिवारों का बजट और प्रभावित होगा।
गैस एजेंसियों के मुताबिक नई कीमतों को सिस्टम में अपडेट कर दिया गया है और अब बुकिंग कराने वाले सभी ग्राहकों को संशोधित दरों के अनुसार भुगतान करना होगा। हालांकि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी के कारण कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सामान्य उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई कीमत का पूरा असर झेलना पड़ेगा।



