Blog

ब्रेकिंग : भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने किया योगासन, योग साधकों को किया सम्मानित, योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प

बिगुल

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत माना कैंप स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में शनिवार को भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री Pawan Sai सहित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाते हुए योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम से हुई। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि “योग सबको जोड़ता है और योग सबको साथ लाता है। योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है।” उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

इस दौरान वक्ताओं ने योग की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। भारत की इस अमूल्य परंपरा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में प्रधानमंत्री Narendra Modi की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की, जिसके बाद आज विश्व के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बना चुके हैं।

कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि योग केवल बीमारी से बचाव का माध्यम नहीं, बल्कि एक संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से स्थिर और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। यही कारण है कि आज दुनिया के लगभग सभी देशों में योग को अपनाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है।
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में नगर पंचायत माना कैंप के अध्यक्ष संजय यादव, भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा नगर पंचायत माना कैंप के अधिकारी सौरभ बाजपेयी सहित अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने योग के प्रति जागरूकता फैलाने और इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button