Well Being

शेयर ट्रेडिंग में बड़ी कमाई का झांसा देकर रायपुर के प्रॉपर्टी डीलर से 96 लाख ठगे

बिगुल
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में कई गुना मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने राजधानी के शंकरनगर निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से करीब 96 लाख रुपए ठग लिए. ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की. शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगों के विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर हुई करीब 11 लाख रुपए की रकम होल्ड करा दी. हालांकि ठग रिपोर्ट होने से पहले ही करीब 85 लाख रुपए खातों से निकाल चुके थे.

पुलिस के अनुसार हाई पार्क, शंकरनगर निवासी विशाल बरड़िया (40) अगस्त में साइबर ठगों के संपर्क में आए. ठगों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उन्हें लगातार संदेश भेजे और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया. इसके बाद उन्हें एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया. ग्रुप में शेयर ट्रेडिंग से होने वाले फायदे के मैसेज लगातार भेजे जाते थे. इससे पीड़ित को लगा कि इस माध्यम से अच्छी कमाई की जा सकती है.
पहले छोटी रकम, फिर बढ़ाते गए निवेश

ठगों ने शुरुआत में पीड़ित से छोटी रकम निवेश कराई. एप में निवेश की गई रकम पर तेजी से मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया गया. इसके बाद उन्हें बड़ी रकम लगाने के लिए लगातार प्रेरित किया गया. ठगों के बताए बैंक खातों में करीब एक महीने तक अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई. एप में निवेश की रकम और मुनाफा बढ़कर करोड़ों रुपए दिखने लगा.

जब पीड़ित ने एप में दिखाई जा रही रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स और प्रॉफिट कमीशन के नाम पर पहले और रकम जमा करने को कहा. रकम वापस मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने उनके बताए खातों में और पैसे ट्रांसफर किए. आखिर में ठगों ने एप में दिखाई जा रही बड़ी रकम निकालने के लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए और जमा करने को कहा. इस पर पीड़ित को संदेह हुआ और उसने रकम जमा करने से इनकार कर दिया.

इसके बाद ठगों ने वाट्सएप ग्रुप डिलीट कर दिया और मोबाइल फोन भी बंद कर दिए. तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की.
1930 पर शिकायत का मिला फायदा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक साइबर ठगी की शिकायत 1930 पर मिलते ही संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाकर रकम होल्ड कराने की कार्रवाई शुरू की गई. अब तक करीब 11 लाख रुपए अलग-अलग खातों में होल्ड कराए गए हैं. पुलिस लेनदेन की पूरी जानकारी जुटा रही है.

डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने बताया कि शेयर ट्रेडिंग में कई गुना लाभ का लालच देकर ठगी की सूचना मिली है. पीड़ित से लेनदेन का बैंक स्टेटमेंट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी. 1930 पर शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर करीब 11 लाख रुपए विभिन्न खातों में होल्ड कराए गए हैं.
बैंक मैनेजर बनकर रिटायर्ड अधिकारी से एक लाख ठगे

इधर, अमलीडीह की पवन विहार कॉलोनी निवासी एक सेवानिवृत्त अधिकारी भी साइबर ठगी का शिकार हो गए. राजेंद्रनगर पुलिस के मुताबिक राजकुमार शुक्ल को ठग ने बैंक मैनेजर बनकर फोन किया और पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने के फायदे बताए. इसके बाद कार्ड बनाने के नाम पर एक एप डाउनलोड कराया गया. एप डाउनलोड करते ही उनके बैंक खाते से एक लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए गए. शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज किया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button