छत्तीसघाट

पैसा दोगुना’ करने का झांसा… महिलाओं ने लिया लोन, लगा दिए 70 लाख; रायगढ़ में ठगी का खुलासा

बिगुल
शेयर मार्केट में पैसा लगाकर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी मेनका सारथी (37), निवासी बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है. मामले में उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मेनका अपने मायके ग्राम जतरी आने के दौरान गांव की महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश से मोटा मुनाफा होने की बात बताती थी. उसने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि कम समय में उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी. नुकसान होने पर वह और उसका पति रकम लौटाने की गारंटी देंगे. झांसे में आकर कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से उसे बड़ी रकम दे दी.

6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच हारा बाई निषाद से 17.53 लाख, अनिता निषाद से 17.24 लाख, पुष्पा सिदार से 9 लाख और विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख रुपये समेत कई महिलाओं से कुल 70.77 लाख रुपये लिए गए. पुलिस के अनुसार, शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम देकर उनका विश्वास कायम किया गया, लेकिन बाद में रकम लौटाना बंद कर दिया गया. पीड़ित महिलाओं ने रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महिलाओं ने दूसरे बैंकों से लोन लेकर आरोपी को रकम दी थी, जिसकी किस्तें अब वे खुद चुका रही हैं.

मामले में साइबर थाना पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मेनका सारथी, अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ अपराध दर्ज किया था. बैंक खातों और लेनदेन की जांच के बाद पुलिस ने सक्ती जिले के बरतुंगा में दबिश देकर मेनका को गिरफ्तार किया.

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपने एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाने और बाद में पति व मां को भी इसमें शामिल करने की बात बताई. पुलिस के अनुसार, महिलाओं से मिली रकम को अलग-अलग लोगों के बीच रोटेशन में चलाया जाता था. आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं.

पुलिस अब आरोपी के पति और मां की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट में दोगुने-तिगुने मुनाफे की गारंटी देने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और निवेश से पहले पूरी जानकारी की जांच करें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button