Blog

छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में आयकर विभाग की छापेमारी, कई कारोबारी जांच के घेरे में

बिगुल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने एक साथ कई जिलों में छापेमारी कर हलचल मचा दी। टैक्स चोरी और वित्तीय लेन-देन में गड़बड़ी की आशंका के चलते विभाग की 16 से अधिक टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के दायरे में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिले शामिल हैं। आयकर विभाग की इस व्यापक कार्रवाई में कारोबारियों और व्यावसायिक समूहों से जुड़े कई ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मुख्य फोकस वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन और आय से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल पर है।

बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर आयकर विभाग की जांच
आयकर विभाग की टीम ने रायपुर और रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई की है। रायगढ़ में चार अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों की जांच जारी है। यहां कंपनी से संबंधित दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।

रायपुर के PRA ग्रुप के कार्यालय में पहुंची टीम
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज की है। तेलीबांधा स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में अधिकारियों की टीम ने दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित इनपुट मिलने के बाद विभाग ने तीन ठिकानों पर जांच शुरू की है। कार्रवाई के दौरान संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल के साथ आवश्यक पूछताछ भी की जा रही है।

बिलासपुर में बड़े लोहा कारोबारी के यहां छापेमारी
बिलासपुर में आयकर विभाग की टीम ने संभाग के प्रमुख लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर भी छापा मारा। अधिकारियों का दल तीन वाहनों से विद्या नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचा और जांच शुरू की। टीम कारोबारी से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही लेन-देन से संबंधित जानकारियां जुटाने के लिए पूछताछ भी की जा रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button