Blog

गढ़चिरौली के जंगल में माओवादियों का हथियार डंप बरामद, 31 जिंदा कारतूस समेत ग्रेनेड और लॉन्चर जब्त

बिगुल
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जंगल में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के छिपाए हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। 17 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में दो आग्नेयास्त्रों के अलावा 31 जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध उपकरण मिले हैं। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना के बाद जंगल में उतरी C-60 की पांच यूनिट
पुलिस के मुताबिक, गढ़चिरौली पुलिस को पोस्टे गार्डेवाड़ा क्षेत्र के हिक्कर वन इलाके में माओवादियों द्वारा हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर एंटी नक्सल यूनिट C-60 की पांच यूनिट को अभियान में लगाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बम निरोधक दस्ते (BDDS) की दो टीमों ने जंगल के संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। टीमों ने पूरे इलाके की बारीकी से जांच की, जिसके बाद माओवादियों का छिपाया गया सामान बरामद हुआ।

राइफल, 31 कारतूस, ग्रेनेड और BGL लॉन्चर जब्त
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को कई तरह के हथियार और विस्फोटक उपकरण मिले। बरामद सामग्री में एक 12 बोर राइफल, एक एनजी एयर गन राइफल और .303 बोर के 31 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने ग्रेनेड, BGL सेल, BGL लॉन्चर, डेटोनेटर, सेल और होंडा कंपनी का इलेक्ट्रिक जनरेटर भी जब्त किया है। मौके से अन्य माओवादी सामग्री भी बरामद हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी संदिग्ध वस्तुओं को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की थी आशंका
पुलिस के अनुसार, माओवादी पहले भी सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने के लिए हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल करते रहे हैं। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की अंतरराज्यीय सीमा से लगे दुर्गम जंगलों को ऐसे गुप्त ठिकाने बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

इन ठिकानों पर हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी जाती थी, जिनका इस्तेमाल माओवादी सप्ताह और चुनाव जैसे मौकों पर सुरक्षा बलों के खिलाफ किया जा सकता था। पुलिस अब बरामद हथियारों और अन्य सामग्री के स्रोत तथा इनके संभावित इस्तेमाल को लेकर आगे की जांच कर रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button