छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला! TET में 0.093 अंक से चूकी अभ्यर्थी को नहीं मिली राहत, याचिका खारिज

बिगुल
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से जुड़े एक अहम मामले में अभ्यर्थी को राहत देने से इनकार कर दिया है। महज 0.093 अंक की कमी के कारण पात्रता से चूकी अभ्यर्थी की राउंड ऑफ की मांग कोर्ट ने खारिज कर दी। याचिकाकर्ता चाहती थीं कि उनके 89.907 अंकों को पूर्णांक में बदलकर 90 अंक माना जाए, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट का मानना है कि अंकों को इस तरह राउंड ऑफ करने की अनुमति देने से परीक्षा की मेरिट और निर्धारित चयन मानदंड प्रभावित हो सकते हैं।
89.907 अंकों को 90 मानने की लगाई थी गुहार
मामला मुंगेली जिले के सेमरसाल निवासी गरिमा पांडे से जुड़ा है। उन्होंने साल 2022 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा में हिस्सा लिया था। इस परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 150 में से कम से कम 90 अंक हासिल करना जरूरी था।
गरिमा पांडे को परीक्षा में 89.907 अंक मिले। यानी वह निर्धारित न्यूनतम कटऑफ से केवल 0.093 अंक पीछे रह गईं। इतनी मामूली कमी के चलते पात्रता हासिल नहीं कर पाने पर उन्होंने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिका में मांग की गई कि उनके प्राप्तांक को राउंड ऑफ करके 90 अंक माना जाए, ताकि उन्हें TET पात्रता का लाभ मिल सके।
हाई कोर्ट ने क्यों ठुकराई अभ्यर्थी की मांग?
याचिका पर विचार करते हुए हाई कोर्ट ने अंकों को राउंड ऑफ कर न्यूनतम पात्रता पूरी मानने की मांग स्वीकार नहीं की। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित न्यूनतम अंकों के नियम में इस तरह की छूट देने से परीक्षा की मेरिट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
कोर्ट के मुताबिक, जब पात्रता के लिए न्यूनतम अंक पहले से निर्धारित हैं, तो उससे कम प्राप्तांक को राउंड ऑफ करके योग्य घोषित करने का आधार नहीं बनाया जा सकता।
इस फैसले के बाद गरिमा पांडे को TET पात्रता के मामले में राहत नहीं मिल सकी। महज 0.093 अंक का अंतर भले ही बेहद छोटा हो, लेकिन परीक्षा के तय नियमों के सामने यह अंतर निर्णायक साबित हुआ।



