नगर पालिका की वित्तीय हालत खराब, कर्मचारियों को नहीं मिल रहा वेतन
बिगुल
मध्यप्रदेश :- इन दिनों नगर पालिका की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं होने के कारण समय पर कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों द्वारा नगर पालिका के मुख्य अधिकारी को वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल की चेतावनी दी गई है। नपा में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुख्य कारण विगत दो माह से चुंगी की राशि नहीं मिलना है। साथ ही कटौती की राशि नहीं आने के कारण इस तरह की स्थिति निर्मित हुई है।
गौरतलब है नगर पालिका में 800 से अधिक कर्मचारियों को प्रतिमाह एक करोड़ 40 लाख रुपये वेतन के रूप में बांटना होते है। ऐसे में अगर समय पर चुंगी की राशि आ जाती है तो कर्मचारियों के वेतन में काफी राहत होंगी। नपा में प्रति माह 96 लाख रुपये की चुंगी की राशि मिलती है। पांच माह से इस राशि में कटौती कर दी है। इसमें 96 लाख रुपये की जगह 72 लाख रुपये प्रतिमाह राशि दी जा रही है। इस तरह से कटौती की राशि एक करोड़ 55 लाख रुपये बकाया है।अगर यह राशि जल्द नपा को मिल जाती है तो इसमें काफी हद तक वेतन की समस्या दूर हो सकती है।
नगर पालिका में दैनिक 255, स्थाई 180, विनियमित 255 और आउटसोर्स के 170 कर्मचारी अपनी सेवा दे रहे है। इसमें कई कर्मचारी ऐसे हैं जिन्हे चार माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें अपना घर चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने बाजार से ब्याज पर पैसा ले रखा है।