Blog

रायपुर में एक्शन, कई कोचिंग्स में मिली अव्यवस्था, 7 दिनों में ठीक करने के निर्देश, लखनऊ अग्निकांड के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

बिगुल
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायपुर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने 23 और 24 जून को शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया. यह कार्रवाई जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई.

7 कोचिंग का निरीक्षण किया गया
दो दिवसीय अभियान के दौरान शहर के 7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया. टीम ने प्रवेश और निकास व्यवस्था, फायर एनओसी, अग्निशामक यंत्र, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की सुरक्षा, क्षमता अनुरूप संचालन तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की.

इनमें सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक मिली
निरीक्षण में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन कोचिंग संस्थानों में अधिकांश सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं. हालांकि कुछ स्थानों पर वेंटिलेशन और क्षमता अनुरूप संचालन को लेकर सुधार संबंधी सुझाव दिए गए हैं.

7 दिनों में सुधार करने के निर्देश
वहीं, अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में कई गंभीर कमियां सामने आईं. जांच के दौरान कुछ संस्थानों में फायर एनओसी का अभाव, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास की अपर्याप्त व्यवस्था, खराब वेंटिलेशन और विद्युत सुरक्षा मानकों में खामियां पाई गईं.

अग्निशमन विभाग ने इन कमियों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित संस्थानों के खिलाफ आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है. सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं.

अव्यवस्था होने पर कड़ी कार्रवाई होगी
नगर निगम ने संबंधित जोनों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और अन्य वैधानिक प्रावधानों की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button