Blog

दुर्ग के पंजाब बार के बाहर खूनी संघर्ष, बदमाशों ने युवक के गले में घुसा दी बीयर की बोतल

बिगुल
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पंजाब बार के सामने देर रात मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि नशे में धुत दो गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक युवक के गले पर बीयर की बोतल फोड़कर घुसा दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
दरअसल, पूरी घटना बीती रात की बताई जा रही है. इस पूरी वारदात का एक बेहद खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर दो चचेरे भाइयों को बेरहमी से पीट रहे हैं. इस दौरान हमलावरों का दिल इतने से भी नहीं भरा. जब एक युवक अधमरी हालत में जमीन पर गिर गया, तो एक हमलावर ने उसके ऊपर भारी पत्थर से भी हमला कर दिया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई.

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती घायल
घायलों की पहचान प्रार्थी ज्ञानेश्वर साहू और उनके चचेरे भाई आशीष साहू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों शराब पीने पंजाब बार गए थे. बार से बाहर निकलते ही अज्ञात आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया. दोनों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
वहीं, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बीती रात सुपेला थाना अंतर्गत पंजाब बार में मारपीट की घटना सामने आई है. प्रार्थी ज्ञानेश्वर साहू और उनके चचेरे भाई आशीष साहू पर अज्ञात आरोपियों ने बीयर की बोतल और पत्थरों से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर जानलेवा हमला किया है. पीड़ितों की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button