Blog

शादी का झांसा, फिर वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप: दो लाख लेने के बाद भी नहीं हटाया वीडियो, आरोपी गिरफ्तार

बिगुल
कवर्धा में विवाह का भरोसा देकर युवती से कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगने के मामले में महिला थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रकम लेने के बाद भी वीडियो डिलीट नहीं किया और पीड़िता को लगातार कथित तौर पर ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

डीएसपी प्रमिला मंडावी के अनुसार, मामले में कवर्धा महिला थाना में बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 351(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण यादव (29), पिता घनश्याम यादव, निवासी ग्राम भंडार, थाना बोड़ला के रूप में हुई है।

2025 में हुई थी पहचान
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2025 में पीड़िता की आरोपी से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने कथित तौर पर शादी करने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में पीड़िता ने किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया। इसके बावजूद आरोपी कथित तौर पर मोबाइल के जरिए उससे संपर्क करता रहा और दोबारा संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 2 लाख
पुलिस के मुताबिक, 28 जून 2026 को आरोपी ने पीड़िता का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए उसे डिलीट करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने आरोपी को रकम दे दी, लेकिन आरोप है कि उसने वीडियो हटाया नहीं और ब्लैकमेलिंग जारी रखी। लगातार परेशान होने के बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर वीडियो वाले मोबाइल फोन को जब्त किया गया। विवेचना में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button