सीतापुर MLA की गिरफ्तारी की मांग पर पटवारियों की हड़ताल, नायब तहसीलदार से मारपीट का है मामला

बिगुल
सरगुजा जिला के राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट के मामले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मंगलवार को भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। आंदोलन के चलते तहसीलों और उप तहसीलों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के आह्वान पर अधिकारी कलाकेंद्र मैदान में धरने पर बैठे रहे। संघ का कहना है कि जब तक मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे ने बताया कि राजस्व मंत्री और राजस्व सचिव स्तर पर हुई चर्चा में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। शासन की ओर से गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों में नाराजगी बनी हुई है।
गौरतलब है कि कि गत 27 मई को राजापुर में हुई घटना के संबंध में विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। तुषार मानिक ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अपना और विधायक का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।
इस बीच विधायक रामकुमार टोप्पो ने जांच में सहयोग करने की बात कही है। हालांकि गिरफ्तारी देने संबंधी पूर्व घोषणा के बावजूद उन्होंने अब तक कोई स्पष्ट तिथि नहीं बताई है। मंगलवार को भी विधायक क्षेत्रीय दौरे पर रहे।
हड़ताल को राजस्व निरीक्षक संघ का भी समर्थन प्राप्त है। इसके कारण तहसील न्यायालयों में मामलों की सुनवाई प्रभावित हो रही है और पक्षकारों की पेशी की तिथियां आगे बढ़ाई जा रही हैं। सीमांकन सहित राजस्व संबंधी कई कार्य भी ठप पड़े हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।



