Blog

नागपुर ब्लास्ट केस में रायपुर पहुंची पुलिस, एसबीएल एनर्जी के सीईओ और निदेशक की तलाश तेज

बिगुल
नागपुर स्थित विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट मामले में फरार चल रहे एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के अधिकारियों की तलाश तेज हो गई है। इसी सिलसिले में नागपुर पुलिस की विशेष टीम सोमवार को रायपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, दोनों आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से गायब मिले।

पुलिस के निशाने पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आलोक संपत सिंह चौधरी और उनके भाई संजय संपत सिंह चौधरी हैं। दोनों के खिलाफ नागपुर के कलमेश्वर थाने में फैक्ट्री विस्फोट मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी के लिए पहले ही स्थायी वारंट और लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक, नागपुर पुलिस ने रायपुर में देवेंद्र नगर स्थित उनके निवास और फाफाडीह क्षेत्र में स्थित कंपनी के कॉर्पोरेट कार्यालय में दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि 1 मार्च 2026 को नागपुर के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी के डेटोनेटर निर्माण संयंत्र में हुए भीषण विस्फोट में 23 कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित अन्य गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया था।

इसी बीच कंपनी एक अन्य अंतरराष्ट्रीय मामले को लेकर भी चर्चा में है। हाल ही में अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने सूडान में हथियारों से जुड़े कथित लेन-देन के आरोपों के आधार पर एसबीएल एनर्जी लिमिटेड और उसके सीईओ पर प्रतिबंध लगाए हैं। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से विस्फोटक सामग्री की अवैध आपूर्ति की गई थी। हालांकि, इन आरोपों की जांच संबंधित एजेंसियों के स्तर पर जारी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button