भारत

पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमग होगा प्रदेश: रायपुर में जलेंगे 25 लाख दीये, महादेव घाट पर महाआरती, CM होंगे शामिल

बिगुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हो रहा है। आज शाम पूरे प्रदेश में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग 40 लाख और अकेले राजधानी रायपुर में 25 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक महीने के अभियान के दौरान प्रदेश भर में करीब 12 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

महादेव घाट पर भव्य आरती
आज शाम 7 बजे रायपुर के महादेव घाट स्थित खारुन नदी के तट पर दोनों किनारों पर हजारों दीपक जलाए जाएंगे और दीपदान के साथ भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व बीजेपी महिला मोर्चा कर रही है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के मरीन ड्राइव, गौरव पथ और सीएम हाउस समेत 13 किलोमीटर लंबे तय रूट पर दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन
शाम के समय मरीन ड्राइव और आसपास के क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है: प्रमुख डायवर्जन: तेलीबांधा थाना तिराहा, कटोरा तालाब चौक, अनुपम नगर चौक (भारत माता चौक की ओर) और शास्त्री चौक से मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रतिबंधित मार्ग: सुरक्षा कारणों से भगत सिंह चौक से खजाना चौक, शंकर नगर अंडर ब्रिज, तेलीबांधा चौक और आनंद नगर चौक से कटोरा तालाब तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन और पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।

निर्धारित पार्किंग स्थल: गॉस मेमोरियल ग्राउंड, मल्टी लेवल पार्किंग, अंबेडकर चौक, ऑक्सीजोन के किनारे का मार्ग, शांति नगर विमतारा रोड, केनाल रोड, BTI ग्राउंड और शंकर नगर में पार्किंग व्यवस्था की गई है।

पुलिस और यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शाम के समय अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button