ब्रेकिंग : पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, गर्मी के दिनों में बिजली कटौती पर जताई नाराजगी, विद्युत सब स्टेशन बनाने की मांग

बिगुल
पूर्व संसदीय सचिव, छाया सांसद एवं रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय आज क्षेत्र के वरिष्ठ जनों व आमजनों के साथ रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे।
राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी का क्षेत्रफल घनी आबादी वाला है जहाँ बिजली की समस्या सबसे अधिक है और इसी कारण पूर्व की भूपेश बघेल की सरकार में बिजली विभाग को आवश्यकता से अधिक फण्ड मुहैया करवाया ताकि आम जनता को बिजली संबंधित समस्या न झेलनी पड़े, जिसकी राशि अभी भी बिजली विभाग के पास रखी हुई है। वहीं विद्युत सब स्टेशन हेतु फण्ड जारी हुआ था लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण कार्य अधूरा पड़ा है। रायपुर शहर में नजूल एवं ट्रस्ट की की पर्याप्त जगह उपलब्ध है जिसके अध्यक्ष कलेक्टर स्वयं होते हैं। वह चाहे तो नजूल की जगह एवं ट्रस्ट वालों से बात कर बिजली विभाग को सब स्टेशन हेतु जगह आबंटन करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, एक फेस गोल, ट्रांसफार्मर फेल और महंगी बिजली बिल की समस्या शीर्ष चरम पर पहुँच चुकी है, लगातार विद्युत समस्याओं को लेकर प्रदेश में सरकार के खिलाफ आंदोलन चल रहा है। उपाध्याय ने बताया कि रायपुर पश्चिम की जनता अपने क्षेत्रीय विधायक से भी परेशान हो चुकी है क्योंकि वे क्षेत्रहित व जनहित में कार्य करना ही नहीं चाह रहे, उनके पास बार-बार क्षेत्रवासी गुहार लगाते हैं लेकिन जनता की आवाज अनसुनी रह जाती है। राजधानी रायपुर की जनता भी विद्युत की समस्या से अत्यंत दुखी हो चुकी है जिस कारण आमजन और वरिष्ठजनों ने पूर्व जनसेवक विकास उपाध्याय से कलेक्टर को मिलने की आशा व्यक्त की, जिस पर तत्काल उपाध्याय ने संज्ञान लेकर कलेक्टर से चर्चा कर उनसे समय लिया और आज जनता की विद्युत समस्या को लेकर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रवासी व रायपुर के वरिष्ठ जनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुँच गये।
उपाध्याय ने कहा कि राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी का क्षेत्रफल घनी आबादी वाला है जहाँ बिजली की समस्या सबसे अधिक है और इसी कारण यहाँ पूर्व की कांग्रेस सरकार में विद्युत विभाग को सब स्टेशन हेतु फण्ड जारी हुआ था लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण काफी समय से यह कार्य अधूरा है। उन्होंने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड क्र.24, संत रामदास वार्ड क्र.25, ने. कन्हैयालाल वार्ड क्र.15, वीर शिवाजी वार्ड क्र.16, ठक्कर बापा वार्ड क्र.17, बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्र.18, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड क्र.19 एवं दानवीर भामा शाह वार्ड क्र.26, ये समस्त वार्ड गुढ़ियारी क्षेत्र अंतर्गत आते हैं। जिसमें मुख्य रूप से रामनगर, गोकुल नगर, गोपाल नगर, कृष्णा नगर, कोटा, अशोक नगर, गुढ़ियारी पड़ाव, तिलक नगर, जनता कॉलोनी, शुक्रवारी बाजार, पहाड़ी चौक , कोटा , रायपुरा, डी डी नगर, डंगनिया,खमतराई, पुरानी बस्ती, सुंदर नगर, लाखे नगर, टिकरा पारा, ब्राह्मण पारा, सिविल लाइन, आनंद नगर, शंकर नगर शामिल हैं जहाँ लाखों लोग विद्युत की समस्या से त्रस्त हो चुके हैं। उपाध्याय ने इस क्षेत्र की बिजली समस्या का तत्काल निराकरण करने कलेक्टर को सुझाव भी दिये हैं कि गुढ़ियारी स्थित मारूति मंगलम या संजय गांधी नगर के पास जो रिक्त स्थल है वहाँ विद्युत सब स्टेशन के लिये तत्काल भू आबंटन करें ताकि विद्युत सब स्टेशन तैयार हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
उपाध्याय ने कलेक्टर को बताया कि लगातार पश्चिम विधानसभा सहित राजधानी रायपुर में बिजली को लेकर विभिन्न समस्याएं आ रही है और अधिकारियों का रवैया निरंकुश नजर आ रहा है। लगातार जनता शिकायतें कर रही हैं लेकिन अधिकारियों के तरफ से समय पर किसी भी प्रकार की पहल नहीं की जाती। उपाध्याय ने बताया कि में लगातार छात्र, व्यापारी, किसान तथा घर की महिलायें बिजली विभाग के इस रवैये से त्रस्त हो चुके हैं। गर्मी के समय में अधिकांश महिलायें एवं बच्चे घर में रहते हैं लेकिन बिजली कटौती से उनका जीना दुश्वार हो गया है। उसी प्रकार छात्रों को लाईट गोल होने के कारण अपनी पढ़ाई पूरी करने में दिक्कतें आ रही हैं, जो उद्योग और व्यापार बिजली से चलता है वो लोग भी त्रस्त हो चुके हैं। लेकिन शासन की तरफ से किसी भी प्रकार की ठोस पहल नहीं की जा रही है। स्मार्ट मीटर लगाकर महंगी बिजली दर करने का काम इस सरकार ने किया है जबकि छत्तीसगढ़ प्रदेश शुरूआत से ही सरप्लस बिजली वाला प्रदेश रहा है। बिजली बिल नहीं पटाने की स्थिति में दूसरे दिन ही बिजली काटने का काम पूरी मुश्तैदी से बिजली विभाग करता है लेकिन जहाँ सुविधा देने की बात आती है, विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को सांप सूंघ जाता है। जब उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत करने के लिये या अपना कंप्लेंट नोट कराने के लिये सीएसईबी के अधिकारी कर्मचारी से संपर्क किया जाता है तो न ही कोई फोन उठाते हैं और समस्या संबंधित न ही कोई जवाबदारी लेने को तैयार रहते हैं।
उपाध्याय ने बताया कि कभी 33 केवी का बहाना किया जाता है या फिर ट्रांसफार्मर उड़ने की बात की जाती है लेकिन जब बार-बार यह शिकायतें आ रही हैं तो विभाग इसकी मरम्मत में या इसका लोड बढ़ाने के लिये कोई कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है। उपाध्याय ने कहा कि लगातार बिजली विभाग द्वारा मिल रही समस्याओं का निराकरण शीघ्र अतिशीघ्र नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन का रास्ता अपनायेगी जहाँ सर्वप्रथम बिजली विभाग का घेराव किया जायेगा तत्पश्चात् संबंधित अधिकारियों के निवास का भी घेराव किया जायेगा एवं ऊर्जा विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री के निवास का घेराव भी किया जाये। आज ज्ञापन सौंपने वालों में विकास उपाध्याय के साथ प्रमोद चौबे, देवकुमार साहू, किशन बाजारी, अन्नू राम साहू, मनीराम साहू, राजेश पाल, सुंदर लाल जोगी, कमलाकांत शुक्ला, वीरेंद्र शुक्ला,सुनील बाजारी, सुनील तिवारी, सुनील देवांगन, रामदास कुर्रे, उज्जवल ठाकुर, दीपेन्द्र ठाकुर, नरेश गढ़पाल, मनीष शर्मा, घनश्याम देवांगन, मो रशीद, बालमुकुंद गुलंदेकर, रानी वर्मा, राकेश यादव, कुंदन सिंहा, नंदू सिंहा, चंदू बाघ, अभिषेक ठाकुर, बी रमेश, भागवत साहू, मोहनलाल सेन, ईश्वरी नामदेव, दानी वर्मा, शानू दीवान, कुलदीप ध्रुव, हेमलाल नायक, अपराजित तिवारी, श्री निवास राव, कृष्णा शर्मा, नवीन चंद्राकर, कुतुबअली, अर्जुन सिंह, घसिया साहू, डुमेंद्र दीप, नंद साहू, तोरण साहू, अनिल बर्गे, श्रीनाथ भोगल, संजय वर्मा, कृष्णा नायक, संजय वंदे, वेद प्रकाश कुशवाहा, हर्षित जायसवाल, अमित शर्मा लल्लू, विक्की शर्मा, अशोक सिंह, लाला ठाकुर, नागेन्द्र सिंह, गौरव सिंह, ईश्वर बाघ आदि उपस्थित रहे।


