Blog

चुनाव परिणाम : पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट, जशपुर नगर पालिका, बम्हनीडीह फरसगांव नगर पंचायत में BJP ने दर्ज की जीत, पलारी में कांग्रेस ने मारी बाजी

छत्तीसगढ़ में आज त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं. पंचायत और निकायों में आम और उप निर्वाचन शांतिपूर्ण तरीके से 1 जून को हुआ था. राज्य के नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 05 पद और पार्षद के 71 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 96 मतदान केन्द्रों में कुल 31 हजार 928 मतदाताओं में से 27 हजार 6 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है.

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नगरीय निकाय चुनावों के लिए बनाए गए 96 मतदान केंद्रों पर 31,928 मतदाताओं में से 27,006 ने अपने वोट डाले. वहीं पंचायत चुनावों के लिए स्थापित 274 मतदान केंद्रों पर 102,797 मतदाताओं में से 79,968 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदाताओं की भागीदारी के मामले में नगरीय निकाय चुनावों में 84.58% और पंचायत चुनावों में 78.61% मतदान दर्ज किया गया. पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव के रिजल्ट की लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-

राजनांदगांव के घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की जीत

राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा था. मतगणना के बाद फूलमती ने 85 मतों के अंतर से जीत हासिल की. इस जीत के बाद उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारेबाजी के साथ खुशी जताई. भाजपा को घुमका नगर पंचायत में 10 पार्षद सीट जीती है वहीं कांग्रेस चार सीटों पर जीत दर्ज की है. 1 निर्दलीय पार्षद ने जीत हासिल किया है लेकिन अध्यक्ष पद कांग्रेस के पाले में आया है.

पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस ने मारी बाजी

बालोद के पलारी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार 506 वोटो से जीत दर्ज की है. इन्होंने भाजपा प्रत्याशी लखन लाल गुरुपंच को मात दी है. 15 वार्डों में 9 कांग्रेस और 5 भाजपा के पार्षद बने. एक वार्ड से पार्षद पद का सीट टाई हुआ. वहीं जीत के बाद कांग्रेस पार्टी में जश्न का माहौल

नगर पालिका जशपुर में दो वार्डों के उपचुनाव में भाजपा की जीत

वार्ड क्रमांक 8 और 14 में भाजपा प्रत्याशियो की जीत हुई है. वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा की प्रेमलता साहू 164 वोटों से जीतीं है. वहीं वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह 96 वोटों से जीत दर्ज की है.

बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव परिणाम घोषित, बीजेपी का दबदबा

जांजगीर चांपा के बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं. बीजेपी प्रत्याशी ने जीत हासिल की है. बीजेपी प्रत्याशी रमेश डरसेना बम्हनीडीह नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष बन गए हैं. इन्हें 1972 वोट मिले हैं. बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राम लाल सहारे को 1183 वोट मिले हैं. इसके अलावा पार्षदों में भी बीजेपी का दबदबा रहा. 11 बीजेपी पार्षद, 3 कांग्रेस पार्षद और 1 निर्दलीय पार्षद बने हैं.

पखांजूर के नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस की जीत

पखांजूर के नगर पंचायत उपचुनाव में रूखमणि एटटी ने 65 मत से जीत दर्ज की है. बता दें कि वार्ड क्रमांक 9 में उपचुनाव हुआ था. जिसमें कांग्रेस-बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. वहीं बीजेपी के गढ़ में कांग्रेस की बड़ी जीत मिली है.

फरसगांव नगर पंचायत उपचुनाव में बीजेपी-कांग्रेस की जीत

कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर पंचायत उपचुनाव के परिणाम आज घोषित हो गए हैं, कांटे की टक्कर वाले इस उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा को 1-1 वार्डों में जीत मिली है. वार्ड क्रमांक 1 में कांग्रेस के उमेश सोना ने महज 2 वोटों से बाजी मारी है, वार्ड क्रमांक 12 में भाजपा की छबीला नेताम ने 5 वोटों से जीत दर्ज की है, स्थानीय कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है.

तारबाहर में पार्षद उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत

बिलासपुर के तारबाहर में उपचुनाव में वार्ड 29 संजय गांधी नगर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने 1062 मतों से बीजेपी प्रत्याशी को मात दी. वहीं बीजेपी प्रत्याशी वी मधुसूदन राव की हार हुई है.

कांकेर के नगरीय निकाय उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने दोनों सीटों पर जीत

कांकेर जिले के नगरीय निकाय उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है. चारामा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-13 से मोहित नायक और पखांजूर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-9 से रूखमणी वट्टी विजयी घोषित हुए हैं। दोनों सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। जगह-जगह मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का विश्वास और पार्टी की नीतियों की जीत बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button