नशे के सौदागरों पर शिकंजा, चार थानों ने पकड़ा लाखों का गांजा, भैरूंदा में धराई महिला तस्कर

बिगुल
नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने जिले में शिकंजा कस लिया है। इससे नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है। नशे के सौदागर भूमिगत हो रहे हैं, लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक नहीं चल पा रही है। जिले के चार थानों की पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर लाखों का गांजा पकड़ा है। भैरूंदा क्षेत्र में तो पुलिस की आंखें उस समय खुली रह गईं, जब एक महिला तस्कर को नशे का कारोबार करते रंगे हाथ पकड़ा।
एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी विशेष अभियान सीहोर जिले में भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस जिले में फैले मुखबिर तंत्र ही सहायता से छापामार कार्रवाई कर ही है। जिले के आष्टा, कोतवाली, इछावर, अहमदपुर थाने की पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया है। जिले में गांजा जब्त करने के मामले में आष्टा पुलिस ने करीब दो लाख का गांजा पकड़ा। इसी तरह अन्य थानों की पुलिस के कार्रवाई करने से पहले नशे के सौदागर भूमिगत हो गए हैं।
नशा विरोधी अभियान के तहत जिले में आष्टा पुलिस ने सबसे अधिक बड़ी कार्रवाई की। आष्टा पुलिस ने ग्राम भंवरा में छापामार कार्रवाई करते हुए 11.500 किलो अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 84 हजार बताई गई है। 18-19 जून की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे के नेतृत्व में ग्राम भंवरा में दबिश दी गई, जहां आरोपी बालमुकुंद परमार के घर की तलाशी के दौरान 11.5 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि गांजे के स्रोत व अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी ली जा सके।
भैरूंदा में अधेड़ महिला निकली नशे की व्यापारी
पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ विशेष अभियान के तहत भैरूंदा पुलिस ने भी कार्रवाई की गई। भैरूंदा पुलिस की मानें तो मुखबिर से सूचना मिली थी। सर्वहारा कॉलोनी भैरूंदा में एक महिला नशे का कारोबार चला रही है। टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने वाली कान्तीबाई (55) पत्नी मनोहर कौशल निवासी सर्वहारा कॉलोनी को घेराबन्दी कर पकड़ा। इसके कब्जे से कुल 1280 ग्राम गांजा कीमती 25 हजार रुपये जब्त किए। महिला पर आरोप है कि वह अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचकर नगर में नशे का व्यापार कर रही थी और उससे अवैध लाभ कमा रही थी। महिला को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।