Blog

राजधानी में ज्वेलरी शॉप से 2 करोड़ का सोना चोरी, कर्मचारी ने जेवरों को अपने पास रखा

बिगुल
राजधानी रायपुर से अमानत में खयानत जैसा बड़ा मामला सामने आया है। जहां सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वेलर्स में कर्मचारी ने करीब 2 करोड़ से ज्यादा के सोने के जेवर पार कर दिए। शॉप के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

16 साल पुराना है कर्मचारी
पुलिस के मुताबिक पीड़ित कारोबारी सुरेश भंसाली हैं, जो सदर बाजार में मनोहरमल एंड कंपनी नाम से सोने-चांदी का कारोबार करते हैं। 16 साल पुराने कर्मचारी ने जेवरों को लॉकर में रखने की बजाय अपने पास रख लिया। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।

कर्मचारी ने लॉकर के बजाय अपने पास रखे जेवर
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि सूरज साहू नाम का एक कर्मचारी पिछले 16 साल से उनकी दुकान में काम कर रहा था। आरोपी की जिम्मेदारी थी कि वह रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखे।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के समय सूरज साहू ने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई।

स्टॉक मिलान में चोरी का खुलासा
13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान सोने के जेवर कम पाए गए। जांच करने पर कुल 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब मिला। कारोबारी ने दुकान के सभी कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

CCTV में कर्मचारी को जेवर ले जाते कैद
फुटेज में शाम के लगभग 4 बजकर 21 मिनट पर सूरज साहू को सोने के जेवर अपने साथ ले जाते हुए दिखाया गया। गायब हुए सोने में विभिन्न डिजाइन और प्रकार के जेवर शामिल बताए जा रहे हैं। बाजार में चोरी गए सोने की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए आंकी गई है।

आरोपी फरार, पुलिस दे रही दबिश
कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button