Blog

क्राइम : डीसीपी क्राइम, सेंट्रल जोन और एडीएम के नेतृत्व में 50 जवानों ने खंगाली बैरकें

बिगुल
केंद्रीय जेल रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए करीब चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया. सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले अभियान में जेल की विभिन्न बैरकों के साथ परिसर में भी जांच की गई. इस दौरान कैदियों और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई. हालांकि जांच में कोई विशेष आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई.

कार्रवाई डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडीएम उमाशंकर बांधे के नेतृत्व में की गई. अभियान में करीब 50 पुलिस जवानों के अलावा एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे.

तलाशी अभियान के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं. सभी टीमों ने एक साथ विभिन्न बैरकों में पहुंचकर कैदियों, उनके सामान और बैरक परिसर की जांच की. महिला बैरक के लिए अलग टीम गठित कर विशेष रूप से तलाशी कराई गई. अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए महिला बैरक समेत अन्य चिन्हित स्थानों की जांच की.

अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की. अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों के साथ बैरकों में पहुंचकर तलाशी कार्रवाई का जायजा लिया.

पुलिस के अनुसार जेल में समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण का उद्देश्य आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश व उपयोग पर रोक लगाना है. अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता बनाए रखने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button