Blog

12 घंटे में अपहरण की गुत्थी सुलझी, रायपुर से मिर्जापुर तक पहुंची पुलिस

बिगुल
खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले की कड़ी जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, वाहन की लगातार ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई.

जानकारी के अनुसार, डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके पति प्रतीक राय घर नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल भी बंद है. सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2.28 बजे काले रंग की उत्तर प्रदेश पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात व्यक्ति प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे.

प्रतीक राय, पीड़ित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने वाहन की तकनीकी निगरानी शुरू की.

उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा था वाहन
वाहन की लोकेशन उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने पर रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क किया. अहरौरा पुलिस के साथ ही चौपन, रॉबर्ट्सगंज और संभावित मार्ग में आने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को वाहन की जानकारी देकर अलर्ट किया गया. संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और जांच के इंतजाम किए गए.

रायपुर पुलिस लगातार वाहन की लोकेशन और टोल संबंधी जानकारी संबंधित पुलिस टीमों के साथ साझा करती रही. लोकेशन बदलने के साथ ही मार्ग में तैनात टीमों को अपडेट किया जाता रहा.

अहरौरा में स्कॉर्पियो रोकी, तीन हिरासत में
लगातार निगरानी और नाकाबंदी के बीच थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर की पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया. वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरदस्ती साथ ले जाने की बात सामने आई है. आरोपियों द्वारा उसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था.

हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी; बृहस्पत देव सिंह (27), निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर और आदर्श सिंह (24), निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. तीनों को अहरौरा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया है. आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है.

इस पूरी कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम ने सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, वाहन की ट्रैकिंग, टोल संबंधी जानकारी जुटाने और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button